बोकारो (Bokaro) में विस्थापितों का आर-पार, BSL के सभी गेट जाम
नियोजन की मांग पर सातवें दिन भी भूख हड़ताल जारी, 16 महीने बाद भी समझौते पर अमल नहीं होने से भड़का आक्रोश
बोकारो (Bokaro) : नियोजन की मांग को लेकर बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के विस्थापितों का आंदोलन तेज हो गया है। आंदोलनकारियों ने प्लांट के मुख्य द्वार को छोड़कर अन्य सभी गेट जाम कर दिए हैं। इससे कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित हुई। ड्यूटी पर पहुंचे कई कर्मचारियों को गेट बंद होने के कारण वापस लौटना पड़ा, जबकि कुछ कर्मचारी मुख्य द्वार से प्लांट के अंदर जाते दिखे। विस्थापित अप्रेंटिस संघ और विस्थापित परिवारों ने साफ कर दिया है कि नियोजन के मुद्दे पर अब और इंतजार नहीं किया जाएगा। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग है कि पूर्व की व्यवस्था के तहत विस्थापितों को चतुर्थ वर्ग में नियोजन दिया जाए। इसके अलावा अप्रेंटिस का प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं की सीधी बहाली की मांग भी उठाई जा रही है।

16 महीने बाद भी समझौते पर अमल नहीं
आंदोलनकारियों का कहना है कि विस्थापित परिवारों ने अपनी जमीन देकर बोकारो में औद्योगिक विकास का रास्ता तैयार किया, लेकिन रोजगार के मामले में उन्हें अब तक उनका हक नहीं मिला है। उनके अनुसार, यह केवल नौकरी का सवाल नहीं, बल्कि विस्थापित परिवारों के भविष्य और अधिकारों से भी जुड़ा है। आंदोलनकारियों के मुताबिक, प्रेम महतो की मौत के बाद हुई त्रिपक्षीय वार्ता में नियोजन के मुद्दे पर सहमति बनी थी। उन्हें उम्मीद थी कि वार्ता के बाद उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई होगी। हालांकि, उनका आरोप है कि 16 महीने बीत जाने के बाद भी समझौते पर अमल नहीं हुआ है।
सातवें दिन भी भूख हड़ताल जारी
लंबे इंतजार और आश्वासनों के बावजूद समाधान नहीं निकलने से नाराज विस्थापितों ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के सातवें दिन गेट जाम करने से आंदोलन का असर प्लांट की आवाजाही पर भी पड़ा है। एक ओर विस्थापित परिवार नियोजन की मांग पर अड़े हुए हैं, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों को प्लांट में प्रवेश करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रबंधन और आंदोलनकारियों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या आंदोलन और तेज होता है।

मां के श्राद्धकर्म के बीच नेमरा में जनता की फरियाद सुन रहे मुख्यमंत्री (Hemant Soren) हेमंत सोरेन
माता रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म में हेमन्त सोरेन (Hemant Soren) ने नौवें दिन परंपरा के अनुसार निभाई रस्में, फरियादियों के आवेदन स्वीकार…

हजारीबाग में पुलिस का बड़ा अभियान, 39 गिरफ्तार; 22 वारंटों का निष्पादन
चोरी, लूट और डकैती के मामलों में फरार आरोपियों की तलाश में 30 टीमों ने एक साथ की छापेमारी, 117 पुलिसकर्मी अभियान…

















