रांची में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रांची: रांची जिले के सिल्ली-मुरी क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, किशोरी का शव 18 अक्टूबर की रात करीब 9:35 बजे मारदू गांव के छापरगढ़ा स्थित जंगल-झाड़ी से बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को किशोरी के पिता ने मुरी ओपी में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बड़ी बेटी दोपहर करीब दो बजे पांच मिनट में लौटने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं आई। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे मुरी ओपी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ सिल्ली-मुरी ओपी कांड संख्या 66/2026 दर्ज किया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 64(1) और 103(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन में सिल्ली के डीएसपी मनीषचंद्र लाल के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने छापरगढ़ा के जंगल से किशोरी का शव बरामद किया और घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने मारदू गांव निवासी भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने किशोरी को फोन कर बुलाने, उसके साथ आए छोटे भाई को पत्थर से मारकर घायल करने और किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन, एक जोड़ी चप्पल और कपड़े जब्त किए हैं। इसके अलावा आरोपी का मोबाइल फोन और कपड़े भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो (23 वर्ष), पिता लाल मोहन महतो, ग्राम मारदू, थाना सिल्ली-मुरी ओपी, जिला रांची का निवासी है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है।
पिता की स्मृति में हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल से पहले विधायक भूषण बाड़ा को बहन एमा ने दिया राष्ट्रीय चैंपियनशिप का तोहफा
सिमडेगा: सिमडेगा की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में शानदार प्रदर्शन कर जिले और झारखंड का मान बढ़ाया है। दिल्ली के…

जैप-1 में 146 साल पुरानी परंपरा, महानवमी पर कन्या पूजन के साथ हुई हथियारों की पूजा
रांची: राजधानी रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर में महानवमी के अवसर पर गोरखा बटालियन ने अपनी अनूठी परंपरा निभाते हुए कन्या…















