सिमडेगा में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का खुलासा, 8.3 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ 11 गिरफ्तार

सिमडेगा: सिमडेगा पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8.3 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 10 को केलाघाघ डैम के पास बुधराटोली में छापेमारी के दौरान पकड़ा गया, जबकि उनकी पूछताछ के आधार पर गुमला के कथित सप्लायर दीपक कुमार को जामटोली, कोलेबिरा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, एक वजन मशीन और 150 पारदर्शी पाउच भी बरामद किए हैं।
मंगलवार को समाहरणालय स्थित एसडीपीओ कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ रणविजय सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

एसडीपीओ के अनुसार, आरोपी ब्राउन शुगर को करीब 3,000 रुपये प्रति ग्राम की दर से खरीदते थे। इसके बाद उसे छोटी-छोटी 10 पुड़ियों में पैक कर 500 रुपये प्रति पुड़िया की दर से बेचा जाता था। पुलिस की जांच में युवाओं को नशे के कारोबार में फंसाने का तरीका भी सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त में लेकर कारोबार से जोड़ने का नेटवर्क संचालित किए जाने की जानकारी मिली है। आरोप है कि शुरुआत में युवाओं को मुफ्त में नशा कराया जाता था। जब उन्हें इसकी लत लग जाती थी, तो नशे के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से उन्हें ही इस अवैध कारोबार में शामिल कर लिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विवेक साहू पूर्व में भी सिमडेगा थाना कांड संख्या 62/2026 में जेल जा चुका है। इस मामले में सिमडेगा थाना कांड संख्या 140/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 और 3(5) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b), 22(b), 27 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी 11 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8.3 ग्राम ब्राउन शुगर, 10 मोबाइल फोन, एक वजन मशीन और 150 पारदर्शी पाउच बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी सख्त कार्रवाई से युवाओं में नशे के कारोबार को लेकर डर पैदा होगा और वे नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित होंगे।
पिता की स्मृति में हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल से पहले विधायक भूषण बाड़ा को बहन एमा ने दिया राष्ट्रीय चैंपियनशिप का तोहफा
सिमडेगा: सिमडेगा की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में शानदार प्रदर्शन कर जिले और झारखंड का मान बढ़ाया है। दिल्ली के…

शादी का झांसा देकर युवती से जबरन संबंध बनाने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
सिमडेगा: शादी का झांसा देकर युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने और मारपीट करने के आरोप में सिमडेगा पुलिस ने एक…
















