विधायक कल्पना सोरेन को ‘ट्रेलब्लेज़र अवॉर्ड’ से सम्मानित, महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान
नई दिल्ली के हयात रीजेंसी में आयोजित ‘ब्रिक्स सीसीआई वीई एनुअल वुमेन समिट एंड फेलिसिटेशन 2026’ में गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन को प्रतिष्ठित ‘वुमेन एम्पावरमेंट ट्रेलब्लेज़र्स अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सम्मान प्राप्त करने के बाद कल्पना सोरेन ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि झारखंड की हर “मंईयाँ” और देश-दुनिया की उन सभी महिलाओं का है, जो अपने परिवार, समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं व्यापार, खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष, नवाचार और शासन जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं और देश के विकास को गति दे रही हैं।
कल्पना सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के हाशिए पर रहने वाली महिलाओं की आवाज को सुनना और उन्हें अवसरों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने हेमंत सोरेन के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड में महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि उद्यमी और बदलाव की नायिका के रूप में देखा जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमों के जरिए महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं।
कल्पना सोरेन ने अपनी हालिया लंदन यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ रही झारखंड की छात्राओं का जुनून और संघर्ष उन्हें भविष्य के प्रति आशावान बनाता है। उन्होंने कहा कि सशक्तिकरण केवल समावेश तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें निष्पक्षता भी जरूरी है ताकि हर महिला को आगे बढ़ने और नेतृत्व करने का समान अवसर मिल सके।
इस खास मौके पर कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें मीनाक्षी लेखी, रक्षा खडसे, अभिषेक सिंह, संजय भट्टाचार्य, रूपिंदर बरार, शबाना आज़मी और भूमि पेडनेकर जैसी हस्तियां शामिल रहीं।

















