धनबाद में ब्लाइंड मर्डर का सिलसिला: दो दिनों में दो ब्लाइंड हत्याएं, लॉ एंड ऑर्डर पर उठे सवाल
धनबाद में ब्लाइंड मर्डर का सिलसिला: दो दिनों में दो ब्लाइंड हत्याएं, लॉ एंड ऑर्डर पर उठे सवाल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
झारखंड के धनबाद में अपराध का साया गहरा गया है। लगातार दो दिनों में दो युवकों की हत्याओं ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस के लिए हत्यारों का पता लगाना चुनौती बन गया है, जबकि लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
पहली हत्या: गला रेतकर
शनिवार कि सुबह धनबाद शहर के रणधीर वर्मा चौक के समीप कृषि बाजार के जर्जर पड़े एक मकान में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस अभी इस मामले की तहकीकात में जुटी ही थी कि एक और सनसनीखेज वारदात ने पुलिस को स्तब्ध कर दिया। स्थानीय लोग अब घरों से निकलने को डर रहे हैं।
दूसरी हत्या: घर में घुसकर सिर-चेहरे पर वार
निरसा थाना क्षेत्र के खुदिया शांति कॉलोनी (ईसीएल क्वार्टर) में काजल राय नामक युवक की उसके अपने घर में हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि काजल देर शाम क्वार्टर लौटा था। उस समय उसके सभी परिजन पास के गांव में कीर्तन कार्यक्रम सुनने गए थे। सुबह जब परिवार लौटा, तो दरवाजा खोलते ही खौफनाक मंजर सामने आ गया—काजल खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं, जो हत्या के जघन्य तरीके को बयान कर रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही निरसा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संग्रह किए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल हत्या का कोई सुराग नहीं मिला है—न हथियार बरामद हुआ, न कोई चश्मदीद गवाह। पुलिस स्थानीय स्तर पर पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।
दहशत का माहौल, बढ़ी सुरक्षा
दोनों हत्याएं ‘ब्लाइंड मर्डर’ की श्रेणी में आ रही हैं, जहां न तो कोई पुराना दुश्मनी का पता चल रहा है और न ही लूटपाट के निशान। शांति कॉलोनी और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई है। लोग रात में दरवाजे बंद रखने लगे हैं। प्रशासन ने क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। विपक्षी दल लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सरकार पर हमलावर हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की तुलनात्मक जांच चल रही है। क्या ये हत्याएं एक ही गिरोह के हैं या संयोग? इसका जवाब जल्द मिलने की उम्मीद है। धनबाद में अपराध नियंत्रण के लिए अब कड़े कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।


















