मुंबई में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर गिरने से हादसा: मुलुंड में एक की मौत, तीन घायल

मुंबई में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर गिरने से हादसा: मुलुंड में एक की मौत, तीन घायल

Share
Link copied

मुंबई : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर करीब 12:20 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मेट्रो रेल (लाइन-4) के पिलर का एक सीमेंट हिस्सा (पैरापेट स्लैब) अचानक टूटकर गिर गया, जो सीधे एलबीएस रोड पर चल रहे एक ऑटो रिक्शा और एक कार पर जा गिरा। इस भयानक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के सामने हुआ, जहां लंबे समय से मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा है। गिरते हुए कंक्रीट के भारी स्लैब ने ऑटो रिक्शा को पूरी तरह चकनाचूर कर दिया, जबकि एक स्कोडा कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ऑटो में सवार लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए।

हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी (BMC), मेट्रो स्टाफ, वार्ड अधिकारी और 108 एम्बुलेंस सेवा तुरंत मौके पर पहुंची। गैस कटर और भारी मशीनरी की मदद से मलबे में फंसे लोगों को निकाला गया। घायलों को पास के उपासना मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की मौत हो गई। अन्य घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो स्थिर हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है, साथ ही घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। MMRDA (मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी) ने घटना की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में निर्माण के दौरान शटरिंग या रीइन्फोर्समेंट में खामी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मुलुंड थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद एलबीएस रोड पर ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस ने इलाके को घेर लिया और मलबा हटाने के बाद ट्रैफिक बहाल किया गया।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow