भाजपा ने नीतीश कुमार की ‘राजनीतिक हत्या’ की: झामुमो महासचिव विनोद पांडेय का बड़ा आरोप
रांची : बिहार की राजनीति में तेजी से बदलते समीकरणों के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘राजनीतिक हत्या’।कर दी है और राज्य की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का खुला अपमान किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विनोद पांडेय ने जारी बयान में कहा, “भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर देश की जनता के सामने बेनकाब हो गया है। जिस चेहरे पर बिहार की जनता ने भरोसा जताया और जनादेश दिया था, उसी को राजनीति की मुख्यधारा से दूर करने की कोशिश की गई है। यह न सिर्फ नीतीश कुमार के साथ अन्याय है, बल्कि पूरे बिहार के मतदाताओं के साथ धोखा है।”
झामुमो नेता ने यह भी दावा किया कि बिहार में भाजपा की यह साजिश काफी समय से रची जा रही थी। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में जनता दल (यूनाइटेड) का भाजपा में विलय हो सकता है, जिससे बिहार की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।
विनोद पांडेय ने कहा, “झारखंड में ऐसी किसी भी साजिश को हम सफल नहीं होने देंगे। भाजपा के खिलाफ हमारी लड़ाई पहले से चल रही है और आगे भी जारी रहेगी। झारखंड की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा सतर्क रही है और राज्य में भाजपा की किसी भी राजनीतिक चाल को कामयाब नहीं होने देगी।”
















