20250912 211423

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी के बीच कोयला खनन के मुद्दों पर हुई सकारात्मक चर्चा

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में औपचारिक मुलाकात की। इस अवसर पर राज्य सरकार, केंद्रीय कोयला मंत्रालय और कोल इंडिया की अनुषंगी इकाइयों के अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कोयला और खनन क्षेत्र की बेहतरी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में कोयला खनन से जुड़े विभिन्न मुद्दों और उनके समाधान पर विचार-विमर्श किया गया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कोयला खनन से संबंधित राज्य सरकार के दृष्टिकोण को प्रस्तुत किया, जबकि केंद्रीय कोयला मंत्री ने कोयला खनन परियोजनाओं में आ रही चुनौतियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच आपसी सहयोग से ही कोयला खनन से जुड़ी समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने खनन क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में निम्नलिखित महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई और इनके समाधान के लिए कदम उठाने पर सहमति बनी:

खनिज रॉयल्टी : खनिजों से प्राप्त रॉयल्टी को और प्रभावी ढंग से उपयोग करने पर विचार।

जमीन अधिग्रहण और मुआवजा : कोयला खदानों के लिए भूमि अधिग्रहण, रैयतों को उचित मुआवजा और नौकरी प्रदान करने की प्रक्रिया को मजबूत करना।

विस्थापितों का पुनर्वास : खनन प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए बेहतर नीतियां और कार्ययोजनाएं।

रोजगार के अवसर : खनन क्षेत्र और आसपास के स्थानीय लोगों के लिए रोजगार सृजन को बढ़ावा देना।

खनन कार्यों की समाप्ति के बाद जमीन की वापसी : खनन पूर्ण होने के बाद भूमि को रैयतों को वापस करने की प्रक्रिया को सुचारू करना।

सुरक्षा मानक और अवैध खनन : खदानों में अवैध खनन को रोकने और हादसों पर नियंत्रण के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन।

कोयला परियोजनाओं में अड़चनें : परियोजनाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में आने वाली बाधाओं का समाधान।

डीएमएफटी और सीएसआर फंड का उपयोग : डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड का प्रभावी उपयोग।

बैठक में शामिल प्रमुख अधिकारी

बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, केंद्रीय खनन मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी संजय लोहिया, केंद्रीय कोयला मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी सनोज कुमार झा, राज्य सरकार के राजस्व विभाग के सचिव चंद्रशेखर, खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अरवा राजकमल, निदेशक खान एवं भूतत्व राहुल सिन्हा, कोल इंडिया के चेयरमैन पीएम प्रसाद, सीसीएल के सीएमडी निलेन्दु कुमार सिंह, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, हिंदुस्तान कॉपर के सीएमडी संजीव कुमार सिंह, और केंद्रीय कोयला मंत्री के पीएस पंकज जैन सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस अवसर पर केंद्र और राज्य सरकार के बीच सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोयला और खनन क्षेत्र में प्रगति के लिए दोनों पक्षों को मिलकर काम करना होगा। यह बैठक झारखंड के खनन क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Share via
Share via