रांची जिले में जनता दरबार की सार्थक पहल: अंचलों में सुनी गई आमजन की फरियाद, कई मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा
रांची : उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची जिले के सभी अंचलों में प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार का नियमित आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को अनावश्यक कार्यालय चक्करों से मुक्ति दिलाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आज भी विभिन्न अंचलों में संबंधित अंचल अधिकारियों (सीओ) ने जनता की फरियाद सुनी। जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि बंटवारा,।अतिक्रमण, दाखिल-खारिज, भूमि निबंधन, जमीन मापी, आवास योजना, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा, नल-जल योजना, आंगनबाड़ी और अन्य राजस्व एवं कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं सामने आईं।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के सख्त निर्देशों के अनुपालन में अंचल अधिकारियों ने इन शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। कई मामलों में ऑन द स्पॉट (तत्काल) निष्पादन किया गया, जबकि बाकी मामलों को शीघ्र कार्रवाई के लिए अग्रसारित कर दिया गया।
जनता दरबार के दौरान अंचल निरीक्षक (सीआई) और अन्य राजस्व कर्मचारी भी मौजूद रहे, ताकि राजस्व संबंधी शिकायतों की अद्यतन जानकारी ली जा सके और त्वरित निपटारे में सहयोग मिल सके। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करें, जिससे आम लोगों को बार-बार कार्यालय न आना पड़े।
इसके अतिरिक्त, प्रत्येक अंचल में दोपहर 1:00 से 2:00 बजे तक अंचल अधिकारी से मुलाकात का विशेष समय भी निर्धारित किया गया है, ताकि जनता को सुविधा हो।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा है कि प्रशासन जन-केंद्रित होना चाहिए और जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान प्राथमिकता पर होना चाहिए। इस नियमित जनता दरबार से जिले में प्रशासनिक पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही बढ़ रही है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर बिना किसी संकोच के अंचल कार्यालय पहुंचें और इस व्यवस्था का लाभ उठाएं।

















