सदर इलाके से अदिति के बाद अब जगन्नाथपुर में दो मासूम लापता, पुलिस ने शुरू की खोजबीन

रांची: अभी 17 दिनों पहले रांची के सदर इलाके से 19 महीने की अदिति के लापता होने के मामले में पुलिस को को सफलता नही मिली है अदिति के परिवार का बुरा हाल है लेकिन इस वक्त एक और बुरी खबर आ रही है रांची के ही के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सेक्टर-1 स्थित पटेल नगर से दो बच्चे – 6 वर्षीय युवांश (उर्फ तूफान) और 10 वर्षीय रोशनी कुमारी – 25 मई की दोपहर से लापता हैं। पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली है, लेकिन बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर घरवाले गहरे सदमे और चिंता में हैं।
टीकाकरण का संकट: 29 मई है आखिरी तारीख
इस मामले के भयावह होने का सबसे बड़ा कारण युवांश की मेडिकल कंडीशन है। पिता चिरंजीव महतो ने बताया कि 1 मई को एक कुत्ते ने युवांश को काट लिया था। रेबीज से बचाव के लिए उसे तीन इंजेक्शन लगाए जा चुके हैं, लेकिन अगला और सबसे महत्वपूर्ण इंजेक्शन 29 मई को लगना है। परिजनों का कहना है कि यदि बच्चा समय पर नहीं मिला, तो अधूरे टीकाकरण के कारण उसकी जान पर बन सकती है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखी आखिरी झलक
पुलिस और स्थानीय मीडिया टीम ने जब इलाके के सीसीटीवी कैमरों की छानबीन की, तो घर से करीब 800 मीटर की दूरी पर दोनों बच्चों को देखा गया। झोपड़ी मार्केट के एक दुकानदार ने भी पुष्टि की है कि उसने तीन बच्चों को वहां फुचका खाते देखा था, जिसके बाद वे आगे निकल गए। पुलिस अब रांची और हटिया रेलवे स्टेशन के कैमरों की भी लगातार निगरानी कर रही है।
गरीबी और संघर्ष की कहानी
मूल रूप से पश्चिम बंगाल के झालदा निवासी चिरंजीव महतो पिछले एक दशक से रांची में रह रहे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। माता रूपाली खलखो सब्जी बेचकर बच्चों को पढ़ा रही हैं। धुर्वा स्थित गायत्री मंदिर स्कूल में पढ़ने वाले इन बच्चों की सलामती के लिए पूरा मोहल्ला प्रार्थना कर रहा है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने मंगलवार शाम पीड़ित परिवार से मुलाकात की। पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और संदिग्ध रास्तों पर नजर रखी जा रही है।

















