रांची: 18 माह की मासूम अदिति का सुराग देने वाले को मिलेगा 50 हजार का इनाम, पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

नवीन कुमार
रांची: सदर थाना क्षेत्र के कोकर, खोरहा टोली से लापता 18 महीने की मासूम बच्ची अदिति पांडे के मामले में रांची पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने अदिति की तलाश के लिए ‘अलर्ट मोड’ में काम करते हुए इनाम की घोषणा कर दी है। जो भी व्यक्ति इस बच्ची को सुरक्षित ढूंढने में मदद करेगा या सटीक जानकारी देगा, उसे रांची पुलिस की ओर से 50,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
पुलिस की छापेमारी जारी, चप्पे-चप्पे पर नज़र
अदिति के लापता होने के बाद से ही उसके माता-पिता और परिजनों का बुरा हाल है। रांची एसएसपी के निर्देश पर कई टीमें गठित की गई हैं, जो संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों का जाल भी बिछा दिया है, ताकि मासूम को जल्द से जल्द बरामद किया जा सके।
सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस मानवीय कार्य में सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। डराने या हिचकिचाने की कोई आवश्यकता नहीं है, आपकी एक कॉल एक उजड़े हुए परिवार की खुशियां लौटा सकती है।
इन नंबरों पर दें तुरंत सूचना
यदि आपको अदिति के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो आप सीधे इन वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं:
रांची एसएसपी (SSP):9431706136
सिटी एसपी (City SP):- 9431706137
सदर डीएसपी (Sadar DSP): 9431102090
सदर थाना प्रभारी: 9431706160
दृष्टि नाउ की अपील “
18 महीने की नन्ही अदिति को उसकी माँ की गोद तक पहुँचाने में मदद करें। सोशल मीडिया पर इस खबर को अधिक से अधिक साझा करें ताकि यह जानकारी हर मोबाइल तक पहुँच सके।”
दृष्टि नाउ पाठकों से अनुरोध करती है कि वे इस खबर को गंभीरता से लें और किसी भी संदिग्ध बात हो दिखे तो तुरत पुलिस को सूचित करें।

















