धनबाद में पेयजल संकट को लेकर भाजपा का समाहरणालय घेराव, बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर साधा निशाना

धनबाद जिले में गहराते पेयजल संकट को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने जिला समाहरणालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा धनबाद महानगर एवं ग्रामीण इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मटका फोड़कर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व सांसद पीएन सिंह, विधायक राज सिन्हा, रागिनी सिंह, शत्रुघन महतो समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि धनबाद जिले की जनता भीषण पेयजल संकट से जूझ रही है। जिले के कई इलाकों में लोग डोभा, चुआं, नदी और नालों का पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बराकर और दामोदर जैसी नदियों से घिरे धनबाद का पानी के लिए तरसना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के बाद भाजपा सरकार ने मैथन डैम से धनबाद तक पेयजल पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया था, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार की उदासीनता के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से नल-जल योजना के तहत लगातार काम कर रही है, लेकिन राज्य सरकार इस योजना में भी भ्रष्टाचार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों और हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग उठाई।

















