रांची: डोरंडा में विवाहिता ने की आत्महत्या, पति से विवाद की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

रांची: राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित काली मंदिर रोड में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतका की पहचान धुर्वा के जगन्नाथपुर निवासी सुमन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब दो वर्षों से काली मंदिर रोड स्थित एक घर में घरेलू सहायक के रूप में कार्यरत थी। कुछ माह पूर्व ही उसकी शादी हुई थी, जबकि उसका पति रोजगार के सिलसिले में बेंगलुरु में रहता है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना से पहले सुमन की अपने पति से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। पुलिस को मिले मोबाइल फोन के चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तनाव या विवाद होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
















