रांची में व्यापारियों को मिल रही रंगदारी और धमकी भरे कॉल्स पर चिंता, झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सिटी एसपी पारस राणा के साथ की अहम बैठक
रांची : शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और हाल के दिनों में व्यापारियों को मिल रही रंगदारी व धमकी भरे कॉल्स के मुद्दे पर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक चैंबर भवन में हुई, जिसमें सिटी एसपी पारस राणा, सिटी डीएसपी केवी रमन और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने पुलिस द्वारा हालिया मामलों के त्वरित उद्भेदन के प्रयासों की सराहना की और जिला पुलिस से स्पष्ट संदेश देने की मांग की कि झारखंड में अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पेट्रोलिंग बढ़ाने, नए थानों के निर्माण, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और अन्य राज्यों के साथ बेहतर समन्वय की सिफारिश की।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस कई निर्णायक कदम उठा रही है। व्हाट्सएप कॉल्स और मैसेज से आने वाली धमकियों पर गंभीरता से कार्रवाई हो रही है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि कोई भी धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और भयभीत न हों। उन्होंने रोड साइड दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे (खासकर मोशन सेंसर वाले) और अलार्म सिस्टम लगाने की सलाह दी, विशेष रूप से हाई-रिस्क व्यापारियों को इसे अनिवार्य बनाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि 112 पर कॉल करने पर पीसीआर टीम एक मिनट के भीतर मदद के लिए पहुंचेगी।
पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा ने थाना स्तर पर व्यवस्था सुधारने की जरूरत बताई, ताकि आम नागरिक बिना डर अपनी बात रख सकें। पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने अवैध कब्जा गिरोहों पर सख्त कार्रवाई और रांची में पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति की मांग की। उन्होंने कहा कि दंड न मिलने से अपराधियों का हौसला बढ़ता है और पुलिस-समाज के समन्वय से ही अपराध पर नियंत्रण संभव है।
रांची चैंबर अध्यक्ष संजय माहुरी ने पंडरा कृषि मंडी में असामाजिक तत्वों की अड्डेबाजी रोकने की मांग की। सह सचिव रोहित पोद्दार ने शाम 5 से 7 बजे के नो-एंट्री समय में आवश्यक वस्तुओं के तीन पहिया वाहनों को छूट, पीसीआर संपर्क नंबरों की सूची साझा करने और हर तीन महीने में हाई-रिस्क व्यापारियों के साथ बैठक के लिए पुलिस-व्यापारी समन्वय समिति गठित करने का सुझाव दिया, जिस पर सिटी एसपी ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
लॉ एंड ऑर्डर उप-समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा चैंबर की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस के प्रयास सराहनीय हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर त्वरित और दृढ़ कार्रवाई से ही अपराधियों में भय पैदा होगा। चैंबर पुलिस के साथ निरंतर संवाद और सहयोग से सुरक्षित व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष अरुण बुधिया, अंचल किंगर, किशोर मंत्री सहित कई सदस्यों ने सुझाव दिए। महासचिव रोहित अग्रवाल ने सिटी एसपी को ज्ञापन सौंपा और सदस्यों के सुझावों को कम्पाइल कर जल्द भेजने की बात कही। बैठक में उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, कार्यकारिणी सदस्य मनीष सराफ, आस्था किरण और अन्य कई सदस्य उपस्थित रहे।
















