रांची पुलिस ने 10 घंटे में सुलझाया रातू हत्याकांड, मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार
रांची: रातू थाना क्षेत्र में बीते देर शाम हुए सनसनीखेज हत्याकांड का रांची पुलिस ने मात्र 10 घंटे के अंदर खुलासा कर लिया है। डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने हत्या के मास्टरमाइंड समेत 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मृतक रवि कुमार, केरेडारी (हजारीबाग) का निवासी था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से छापेमारी कर मुख्य साजिशकर्ता कुणाल कुमार (चकमे, थाना-बुड़मू) सहित बबलू गोप (बनगाँव), लालमोहन कुमार (चकमे), इमरोज अंसारी (ढौठटोली, थाना-माण्डर), श्रीचंद प्रजापति (चकमे), और विजय महतो (मुरुपिरी, थाना-बुड़मू) को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि कुणाल कुमार ने बबलू गोप और लालमोहन कुमार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इस साजिश को अंजाम देने के लिए तीन शूटरों इमरोज अंसारी, श्रीचंद प्रजापति, और विजय महतो को शामिल किया गया था।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं। रांची पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रभावी जांच से इस मामले में सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

















