नामकुम रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने 22 बोतल अवैध शराब बरामद, बिहार के युवक को किया गिरफ्तार
रांची : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची ने ऑपरेशन सतर्क के अंतर्गत नामकुम रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 बोतल अवैध शराब बरामद की है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ रांची रेल मंडल के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान 23 मार्च 2026 की शाम को आरपीएफ पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम रांची के जवान प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ले रहे थे। इसी दौरान एक युवक काले एवं ग्रे रंग के पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला।
जवानो ने युवक को रोका और पूछताछ की। उसने अपना नाम अमन कुमार (उम्र लगभग 20 वर्ष), पिता अजय कुमार साव, निवासी बेलामेघ, थाना उजियारपुर, जिला समस्तीपुर (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 22 बोतल अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹6,900/ है।
पूछताछ में आरोपी अमन कुमार कोई वैध दस्तावेज या परमिट नहीं दिखा सका। उसने बताया कि उसने यह शराब नामकुम से खरीदी थी और ट्रेन संख्या 15027 (सम्बलपुर–गोरखपुर एक्सप्रेस) से बिहार ले जाकर अधिक दाम पर बेचने का इरादा रखता था।
आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची के एएसआई अनिल कुमार ने मौके पर उपस्थित गवाहों के सामने शराब जब्त कर ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 24 मार्च 2026 को आरोपी अमन कुमार और जब्त की गई अवैध शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, रांची को सौंप दिया गया है।


















