नामकुम स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई, 18 बोतल विदेशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

रांची : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की फ्लाइंग टीम और आरपीएफ पोस्ट रांची ने ऑपरेशन “सतर्क” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नामकुम रेलवे स्टेशन पर एक युवक को 18 बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 17 जून को ट्रेन संख्या 18626 एक्सप्रेस के नामकुम स्टेशन पहुंचने के दौरान आरपीएफ द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। अभियान का नेतृत्व उपनिरीक्षक रवि शेखर कर रहे थे। जांच के दौरान एक युवक ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में ट्रेन में चढ़ता दिखाई दिया।
संदेह होने पर आरपीएफ जवानों ने युवक को रोककर उसके सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से कुल 18 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान जीशान कुमार (19 वर्ष), निवासी भरावपर, मुरारपुर, बिहार शरीफ, जिला नालंदा (बिहार) के रूप में बताई।
आरपीएफ के अनुसार, युवक शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह शराब को रांची से खरीदकर बिहार ले जा रहा था, जहां उसे अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।
आरपीएफ ने शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार युवक और जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, रांची को सौंप दिया गया। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन “सतर्क” के तहत लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।

















