शहीद सोबरन सोरेन के शहादत दिवस पर सीएम ने दी श्रद्धांजलि, 111 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास-उद्घाटन

रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह-सह-पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले में करीब 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन की शहादत ने आदिवासी-मूलवासी समाज में स्वाभिमान और अधिकारों के लिए संघर्ष की चिंगारी जगाई। सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ उठी आवाज को दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपने नेतृत्व में आगे बढ़ाया। आज नई पीढ़ी शहीदों की इस विरासत को आगे ले जाने का संकल्प ले रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और सोबरन मांझी जैसे महानायकों के संघर्ष और बलिदान से अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ। एक समय था जब आदिवासी-मूलवासी समाज के लोग अपनी बात रखने से भी डरते थे, लेकिन आज वे स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की लगभग 50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये सम्मान राशि दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे आत्मनिर्भर होकर गरीबी से बाहर निकल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अधिकारों और संसाधनों की रक्षा के लिए सरकार संघर्ष जारी रखेगी। जिस तरह लड़कर अलग झारखंड राज्य हासिल किया गया, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार पहले राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, डीआईजी अंजनी कुमार झा, रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, एसपी मुकेश लुनायत सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

लोकसभा की सीटें 50% बढ़ाने के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी, झारखंड में 14 से बढ़कर 21 हो सकती हैं सीटें; 30 नवंबर से संसद में होगी बड़ी चर्चा
देश की संसदीय राजनीति में एक बड़े बदलाव की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को…

शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि
रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को अपने दादा एवं अमर शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर रामगढ़ जिले के…
















