20251102 213838

रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 13,400 बोतल फेंसिडिल सिरप के साथ ट्रक जब्त, एक गिरफ्तार

रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार देर रात एनएच-39 पर एक ट्रक से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप फेंसिडिल जब्त किया है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त की गई कफ सिरप की कुल संख्या 13,400 बोतल बताई जा रही है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को यूपी क्राइम ब्रांच के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक ट्रक (पंजीयन संख्या NL01AH-5510) में अवैध रूप से कफ सिरप लोड कर चान्हो थाना क्षेत्र के रास्ते किसी अन्य स्थान पर भेजा जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक खलारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने देर रात करीब 10:30 बजे टांगरबसली मोड़, एनएच-39 पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

ट्रक चालक ने पूछताछ में बताया कि उसमें सड़ा हुआ चावल लदा है। लेकिन जब पुलिस ने जांच की तो चावल की बोरियों के नीचे सफेद प्लास्टिक की 134 बंद बोरियाँ बरामद हुईं। बोरियों को खोलने पर उनमें फेंसिडिल-100 एमएल की बोतलें पाई गईं। औषधि निरीक्षक, राँची-6 द्वारा की गई गिनती में कुल 13,400 बोतलें मिलीं।

इन बोतलों पर PHENSEDYL-100 ML (निर्माता: Abbott Healthcare Pvt. Ltd., बद्दी, हिमाचल प्रदेश) लिखा हुआ पाया गया। ट्रक चालक वैध कागजात प्रस्तुत करने में असफल रहा। इसके बाद ट्रक और कफ सिरप दोनों को जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने इस संबंध में मांडर थाना कांड संख्या 135/2025 दर्ज किया है। आरोपी पर एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 21(C)/29 एवं औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम 1940 की धारा 27(b)(ii) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Share via
Share via