दुलमी के होहद गांव के युवक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र के कालीनाथ चौक के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दुलमी प्रखंड के होहद गांव निवासी सरजू महतो (32 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरजू महतो अपनी मोटरसाइकिल (पंजीयन संख्या JH 24C 5875) से गोला से वापस अपने गांव होहद लौट रहे थे। इसी दौरान ढलाई का लिप्ट लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर के लोहे के एंगल ने उनके पेट में जोरदार वार किया, जिससे उनका पेट बुरी तरह कट गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने कालीनाथ चौक के समीप सड़क को जाम कर दिया और दोषी ट्रैक्टर मालिक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था।


















