सड़क हादसे में घायल समाजसेवी प्रेम कुमार का प्रशासन ने जाना हाल, शांति भवन मेडिकल सेंटर पहुंचकर अधिकारियों ने ली स्वास्थ्य की जानकारी

सिमडेगा: सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल समाजसेवी प्रेम कुमार का जिला प्रशासन ने शांति भवन मेडिकल सेंटर पहुंचकर हालचाल जाना। प्रशासनिक अधिकारियों ने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य और इलाज की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बताया गया कि प्रेम कुमार 26 सितंबर को वीरू के पास सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल शांति भवन मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने के समय उनकी स्थिति गंभीर थी और वे कोमा में थे। चिकित्सकों ने तत्काल उन्हें वेंटिलेटर पर रखा और उपचार शुरू किया।

बुधवार को अस्पताल में आयोजित प्रेस वार्ता में चिकित्सकों ने बताया कि मेडिकल बोर्ड के निर्णय के बाद प्रेम कुमार का ऑपरेशन किया गया। सर्जिकल टीम में मेडिकल डायरेक्टर एवं वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. आरएन महापात्रा, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. प्रभात केशव और डॉ. सरला शामिल थीं। चिकित्सकों के अनुसार, दुर्घटना के कारण मस्तिष्क के दोनों ओर रक्त के थक्के जम गए थे, जिन्हें हाई स्पीड न्यूरो ड्रिल की मदद से ऑपरेशन कर निकाला गया।

डॉ. आरएन महापात्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे को गोल्डन आवर माना जाता है। प्रेम कुमार को समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से उनके इलाज में काफी मदद मिली। चिकित्सकों की टीम ने मेडिकल बोर्ड के निर्णय के अनुसार आगे की चिकित्सा प्रक्रिया पूरी की।

अस्पताल के निदेशक सह संचालक डॉ. आलोक राय ने बताया कि शांति भवन मेडिकल सेंटर में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में हाईटेक सीटी स्कैन मशीन समेत ऑपरेशन के लिए आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम सेवाएं दे रही है।

प्रेम कुमार आर्थिक रूप से कमजोर होने के साथ सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़े रहे हैं। वे ‘कपिल का फैन’ यूट्यूब ग्रुप का संचालन भी करते हैं। उनकी गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन लगातार उनके इलाज को लेकर निगरानी रख रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को प्रेम कुमार के इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रशासन की इस पहल से प्रेम कुमार के परिजनों और शुभचिंतकों में राहत है। स्थानीय लोगों ने भी घायल समाजसेवी के इलाज को लेकर प्रशासन की तत्परता की सराहना की।

रूपी सोरेन के निधन पर झारखंड भाजपा ने जताया शोक, नेताओं ने व्यक्त की गहरी संवेदना
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन के निधन पर झारखंड…

दुर्गा पूजा को लेकर रांची में प्रशासन अलर्ट, पंडालों में सीसीटीवी से होगी निगरानी
रांची: दुर्गा पूजा के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।…
















