OBC के लिए अलग जातीय कॉलम और समान 27% आरक्षण की मांग, पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति ने दिया धरना

सिमडेगा: पिछड़ा वर्ग के अधिकार, आरक्षण और राजनीतिक भागीदारी की मांग को लेकर जिला पिछड़ी जाति संघर्ष समिति के बैनर तले मंगलवार को कचहरी परिसर के समीप एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने का नेतृत्व समिति के जिला अध्यक्ष रामजी यादव ने किया।

धरना समाप्त होने के बाद समिति के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम मांग पत्र सौंपा। समिति ने जनगणना 2027 में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए अलग जातीय कॉलम शामिल करने की मांग की, ताकि पिछड़े वर्ग की वास्तविक आबादी का आंकड़ा सामने आ सके।

इसके अलावा झारखंड के सभी जिलों में OBC के लिए समान 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने, आबादी के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने तथा पेसा कानून के तहत पिछड़ा वर्ग की भागीदारी और अधिकार सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

समिति पदाधिकारियों ने कहा कि सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, खूंटी और रांची समेत दक्षिणी छोटानागपुर के विभिन्न क्षेत्रों में पिछड़ा वर्ग लंबे समय से सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक क्षेत्र में अपेक्षित भागीदारी से वंचित है। जातीय जनगणना से OBC की वास्तविक आबादी का आंकड़ा स्पष्ट होगा, जिसके आधार पर अधिकार, आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर नीतिगत निर्णय लिए जा सकेंगे।

समिति ने बताया कि इन मांगों से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी अवगत कराया जाएगा। धरने में जिला मुख्य संरक्षक सह तेली समाज के जिला अध्यक्ष जगदीश साहु, रामजी यादव, महासचिव बजरंग प्रसाद, कोषाध्यक्ष परशुराम साहु, मोहन साहू, केदार साहू, अनिल प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य और समर्थक मौजूद रहे।

‘वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च’ की तैयारी को लेकर कांग्रेस की बैठक
बानो: ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत 8 अक्टूबर को सिमडेगा में आयोजित होने वाले ‘वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च’ की तैयारी को…

वियतनाम में मृत प्रवासी कामगार राजा कुमार वर्मा के आश्रितों को 5 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर दी गई सहायता राशि, 5 अक्टूबर को वियतनाम से रांची लाया गया था पार्थिव शरीर रांची।…
















