सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न.
हजारीबाग, कुंदन लाल.
हजारीबाग : सड़क सुरक्षा की समीक्षात्मक बैठक मंगलवार को समाहरणालय सभागार में बरही एसडीओ ताराचंद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस अवसर पर बरही एसडीओ ताराचन्द के द्वारा हजारीबाग जिले के चिन्हित 14 दुर्घटना वाले ब्लैक स्पॉट पर निरंतर स्थल निरीक्षण कर कारणों एवं उनके समाधान पर समेकित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बरही एसडीओ ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस नियमित चेकिंग अभियान चलाकर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करें। साथ ही ओवर स्पीडिंग वाले वाहनों पर फाईन जुर्माना वसूलें।
उन्होंनें कहा,कि वैसे ब्लैक स्पॉट पर सम्बन्धित विभाग के साथ संयुक्त रूप से सुधार के लिए समन्वय बनाकर कार्य करें। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के दौरान सड़क सुरक्षा के जागरूकता के लिए पर्याप्त सावधानी बरतने के लिए साइन बोर्ड, साइनेज एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित लोगों को जागरुक करते हुए दुर्घटना की सम्भावना को कम करने का प्रयास करें। इसके लिए जरूरी है कि एनएचएआई, थाना, रोड सेफ्टी कोर्डिनेशन बनाकर दुर्घटना स्थलों के कारणों एवं समाधान के लिए ठोस कार्रवाई करें। उन्होंनें कहा,कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले मोटर वाहनों पर नियम के तहत आवश्यक कार्रवाई करें और लाइसेंस निलम्बन की प्रक्रिया को अपनाएँ। प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग अभियान लगाएँ।
ड्रिंक एण्ड ड्राईव को रोकने के लिए जगह-जगह पर ब्रेथ एनालाइजर का प्रयोग करें। सड़कों पर अतिक्रमण दुर्घटना का एक प्रमुख कारण है इसके लिए उसके ऊपर भी विशेष कार्य करें। बच्चों पर ट्रैफिक नियमों की समझ को बढ़ाने के लिए शिक्षकों को भी नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी बिजय कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, राष्ट्रीय राजमार्ग के अभियंता, टीम सड़क सुरक्षा एवं अन्य मौजूद थे।

















