NEET पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने पर राजद का केंद्र सरकार पर हमला, शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की मांग

रांची: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा रद्द होने और उससे उत्पन्न तनाव के कारण देशभर में कई अभ्यर्थियों ने आत्महत्या की है, जिसकी नैतिक जिम्मेदारी केंद्र की मोदी सरकार को लेनी चाहिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बुधवार को जारी बयान में कैलाश यादव ने कहा कि NEET पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। वर्षों की मेहनत और तैयारी करने वाले छात्रों को मानसिक तनाव और अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश के विभिन्न राज्यों में कई अभ्यर्थियों ने निराशा और सदमे में आत्महत्या जैसा कदम उठाया है।
यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने मामले की जांच के लिए सीबीआई को जिम्मेदारी सौंपी है, लेकिन अब तक की कार्रवाई महज औपचारिकता प्रतीत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि NEET, JEE Main, UGC-NET और CUET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के संचालन में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि देश की शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन की शिकार हो गई है, जिससे मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
कैलाश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि पूरे मामले में शिक्षा मंत्री की भूमिका की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी सिटिंग जज की निगरानी में ईडी, सीबीआई सहित अन्य एजेंसियों से कराई जानी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि CBSE और NTA जैसी संस्थाओं में व्यापक भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिसके कारण परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। यादव ने कहा कि राजद इस मुद्दे को लेकर जल्द ही राज्यभर में विरोध-प्रदर्शन करेगा और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन चलाएगा।
















