भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे की तैयारियां तेज, जिम्मेदारियों का हुआ बंटवारा

रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 6 और 7 जून को प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड दौरे की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में व्यवस्था समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें दौरे से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम झारखंड प्रवास को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है। बैठक में उनके दौरे के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न नेताओं और पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह नितिन नवीन का पहला झारखंड दौरा है। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे कई संगठनात्मक बैठकों, पार्टी कार्यक्रमों और गैर-राजनीतिक आयोजनों में हिस्सा लेंगे। इस दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता में भी उत्साह का माहौल है।
अमर कुमार बाऊरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का रांची और झारखंड से विशेष जुड़ाव रहा है। उनका जन्म और उच्च शिक्षा रांची में हुई है, इसलिए यह प्रदेश उनके लिए नया नहीं बल्कि आत्मीय संबंधों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करेगा।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, सांसद मनीष जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, रोशनलाल चौधरी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, रांची के डिप्टी मेयर नीरज कुमार समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, प्रभारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, आवास, परिवहन, कार्यक्रम प्रबंधन तथा कार्यकर्ता सहभागिता से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि नितिन नवीन का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।
















