भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की तैयारियों की समीक्षा, नितिन नवीन के स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी गई

रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड आगमन और 24-25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, उनके विभिन्न कार्यक्रमों और कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने प्रेस वार्ता में बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड प्रवास को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उनके स्वागत और विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी स्तरों पर कार्यकर्ता सक्रिय हैं। कार्यक्रमों की जिम्मेदारी अलग-अलग पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। उन्हें उनके दायित्वों की जानकारी भी दी गई है।
गणेश मिश्रा ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखंड आगमन प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का अवसर है। पार्टी का लक्ष्य उनके प्रवास और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से सफल बनाना है। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए संगठन पूरी तरह जुटा हुआ है।
बैठक में राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सह-प्रभारी निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप कुमार वर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन और गीता कोड़ा समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री, प्रदेश कार्यालय एवं मीडिया विभाग के पदाधिकारी तथा भाजपा के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष भी बैठक में शामिल हुए।

मस्कट ‘प्रताप’ ने कांटाटोली चौक पर लोगों को किया यातायात नियमों के प्रति जागरूक
रांची: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर रांची के कांटाटोली चौक पर यातायात पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया।…

प्रोजेक्ट भवन में 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होगी झारखंड मंत्रिपरिषद् की बैठक
रांची: झारखंड मंत्रिपरिषद् की अगली बैठक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को आयोजित होगी। बैठक दोपहर तीन…
















