ओरमांझी में डकैती की साजिश नाकाम, अंतरराज्यीय गिरोह के 3 अपराधी गिरफ्तार
रांची: जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पावर ग्रिड में डकैती की साजिश रच रहे एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार, वाहन, नकद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
26 जुलाई को रात करीब 10:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर पावर ग्रिड क्षेत्र में रेकी कर रहे हैं और कॉपर तार की डकैती की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर रांची के पुलिस उपमहानिरीक्षक-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिल्ली के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम चेतनबाड़ी (निर्माणाधीन भारतमाला प्रोजेक्ट रोड) के पास घेराबंदी कर तीन अपराधियों—जय प्रकाश पासवान (30), दिनेश चौधरी (22) और भोला चौधरी (27)—को गिरफ्तार किया। ये सभी पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता बताया है और मामले की आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


















