रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: 14 किलो गांजा बरामद, तीन संदिग्ध हिरासत में
रांची : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची और फ्लाइंग टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। 17 दिसंबर को रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान के दौरान 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, आरपीएफ टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़ी ट्रेन संख्या 15027 (हटिया-गोरखपुर मौर्या एक्सप्रेस) के कोच एस-3 की तलाशी ली। इस दौरान तीन संदिग्ध यात्रियों के पास तीन बैग संदिग्ध हालत में मिले। पूछताछ पर तीनों ने बैग अपने होने की बात कबूल की, लेकिन बैग में रखे सामान के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। आगे की पूछताछ में एक आरोपी ने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली।
आरपीएफ कमांडर रांची के निर्देश पर तीनों संदिग्धों को उनके बैग सहित प्लेटफॉर्म पर रोका गया। ड्रग डिटेक्शन (डीडी) टेस्ट किट से जांच में सामग्री के गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद तीनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) के हवाले कर दिया गया।
आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में नशीले पदार्थों की तस्करी पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इस अभियान से रेल यात्रा को सुरक्षित बनाने और नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है। मामले की आगे जांच जीआरपी कर रही है।
यह कार्रवाई रांची रेलवे स्टेशन पर नशीले पदार्थों की तस्करी की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को दें।

















