राणा बलाचौरिया हत्याकांड: मुख्य आरोपी हरपिंदर उर्फ मिड्डू पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो जवान घायल

राणा बलाचौरिया हत्याकांड: मुख्य आरोपी हरपिंदर उर्फ मिड्डू पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो जवान घायल

पंजाब के मोहाली में कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लालड़ू इलाके में हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी और हैंडलर हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू मारा गया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

गौरतलब है कि 15 दिसंबर को मोहाली के सोहाना इलाके में चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान राणा बलाचौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने सेल्फी लेने के बहाने उन्हें नजदीक बुलाया और सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हत्या की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग से जुड़े गिरोह ने ली थी, लेकिन पुलिस ने इसे कबड्डी टूर्नामेंट्स पर वर्चस्व की लड़ाई से जोड़ा है।

मोहाली पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की संयुक्त टीम ने दिल्ली एयरपोर्ट से एक अन्य आरोपी ऐशदीप सिंह को गिरफ्तार किया, जो विदेश से हत्या की साजिश रचने भारत आया था। ऐशदीप की निशानदेही पर हरपिंदर उर्फ मिड्डू तक पहुंची पुलिस। तरनतारन के नौशेहरा पन्नुआं का रहने वाला मिड्डू शातिर अपराधी था और घनश्यामपुरिया गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

मुठभेड़ लालड़ू के अंबाला हाईवे के पास हुई, जहां मिड्डू ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हुआ और अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस दौरान दो हेड कांस्टेबल घायल हुए, जिनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने हत्या के दो मुख्य शूटर्स आदित्य कपूर उर्फ मक्खन और करण पाठक उर्फ डिफॉल्टर करण की पहचान की है, जो अमृतसर के रहने वाले हैं। दोनों की तलाश जारी है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow