चतरा में बालू माफियाओं का कहर: जप्त ट्रैक्टर से चौकीदार को कुचला, दोनों पैर टूटे, चालक फरार
झारखंड के चतरा जिले में अवैध बालू माफियाओं की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही। मंगलवार को हंटरगंज थाना क्षेत्र के इमलियाटांड़ इलाके में एक सनसनीखेज घटना ने जिला प्रशासन और पुलिस को खुली चुनौती दे दी। गुप्त सूचना पर कार्रवाई कर रहे अंचल अधिकारी की टीम ने अवैध बालू लादे एक ट्रैक्टर को जप्त किया, लेकिन वाहन मालिक व चालक ने ट्रैक्टर को बेकाबू तरीके से चलाकर अंचल अधिकारी के बॉडीगार्ड चौकीदार को कुचल दिया। इस हमले में चौकीदार जोगेंद्र कुमार के दोनों पैर जांघ तक टूट गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना की जानकारी के अनुसार, हंटरगंज अंचल अधिकारी ऋतिक कुमार को सूचना मिली थी कि स्थानीय ट्रैक्टर मालिक नरेश यादव का वाहन अवैध बालू लादकर खूंटीकेवाल से इमलियाटांड़ बाजार की ओर जा रहा है। अंचल अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले जाने का प्रयास किया। जप्त ट्रैक्टर पर अंचल अधिकारी ने अपने बॉडीगार्ड चौकीदार जोगेंद्र कुमार को बिठा दिया। इसी क्रम में जैसे ही अंचल अधिकारी की गाड़ी आगे बढ़ी, ट्रैक्टर चला रहे अनुज यादव ने वाहन को अचानक तेज रफ्तार में चलाना शुरू कर दिया। इससे चौकीदार जोगेंद्र कुमार ट्रैक्टर से नीचे सड़क पर गिर पड़े और ट्रॉली का टायर उनके दोनों पैरों पर चढ़ गया।
ट्रैक्टर आगे जाकर पलट गया, लेकिन चालक अनुज यादव व वाहन मालिक नरेश यादव मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने हंगामा मचाया और घटना की सूचना अंचल अधिकारी व हंटरगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायल चौकीदार को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया। जोगेंद्र कुमार सदर थाना क्षेत्र के सिंदुवारी बधार गांव के निवासी हैं। पुलिस ने अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जप्त कर थाने ले लिया है।
हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया, “चौकीदार पर हमला करने वाले ट्रैक्टर मालिक नरेश यादव की पहचान हो चुकी है। वह खुद ही वाहन चला रहा था। हम सघन छापेमारी चला रहे हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।”
इधर, घटना के बाद चौकीदार संघ ने अंचल अधिकारी हंटरगंज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संघ का कहना है कि निहत्थे चौकीदार को अकेले जप्त ट्रैक्टर पर बिठाकर लापरवाही बरती गई, जिससे यह हादसा हुआ। संघ ने सीओ, एसपी व जिला प्रशासन से तत्काल आरोपी वाहन मालिक व चालक की गिरफ्तारी, साथ ही घायल चौकीदार के समुचित इलाज की व्यवस्था करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
चतरा जिले में बालू माफियाओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। पहले भी कई घटनाओं में प्रशासनिक टीमों पर हमले हो चुके हैं। जिला प्रशासन ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन माफियाओं की बेखौफी जिले में कानून-व्यवस्था की पोल खोल रही है

















