Saraikela: Saraikela Police crack down on criminals and drug smugglers.

सरायकेला : अपराधियों और नशा तस्करों पर सरायकेला पुलिस का शिकंजा, 164 गिरफ्तार

अश्वनी पांडे /सरायकेला

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सरायकेला। जिले में अपराध नियंत्रण और नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी के नेतृत्व में चलाये गये अभियान में विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त 164 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस की बरामदगी के साथ मादक पदार्थों के खिलाफ भी कार्रवाई की। अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई में 15 हथियार और 812 जिंदा कारतूस बरामद किये गये।

457 गैर-जमानती और 9 स्थायी वारंट का निष्पादन

लंबे समय से फरार और लंबित मामलों में पुलिस की कार्रवाई भी तेज रही। अभियान के दौरान 457 गैर-जमानती वारंट और नौ स्थायी वारंट का निष्पादन किया गया। इससे विभिन्न मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ हुआ।

3 किलो से ज्यादा अफीम और ब्राउन शुगर जब्त

नशे के खिलाफ चलाये गये अभियान में पुलिस ने एनडीपीएस से जुड़े मामलों में 7.5 लाख रुपये नकद बरामद किये। इसके अलावा 3.018 किलोग्राम अफीम और 26.45 ग्राम ब्राउन शुगर भी जब्त की गयी। पुलिस की कार्रवाई से जिले में सक्रिय मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

75 मोबाइल बरामद, 62 लापता लोगों को खोजा

अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी तथा गुमशुदा लोगों की तलाश में भी कार्रवाई की। विभिन्न थाना क्षेत्रों से 75 चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किये गये। वहीं, अलग-अलग मामलों में लापता 62 लोगों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने और लोगों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, अवैध हथियार रखने वालों और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Also Read : सरायकेला : तेज रफ्तार बाइक ने 14 वर्षीय अमन को रौंदा, मौके पर मौत; हादसे के बाद मुख्य सड़क जाम

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now