त्योहारों से पहले हजारीबाग में पुलिस की कड़ी निगरानी, अगस्त में 289 कांड दर्ज, 666 का निष्पादन
साइबर अपराध, नशे के कारोबार और अवैध खनन पर विशेष अभियान के निर्देश; जेल से बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर भी रहेगी नजर
रूपेश / हज़ारीबाग़
हजारीबाग। गणेश चतुर्दशी और विश्वकर्मा पूजा को देखते हुए हजारीबाग पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में हुई अपराध समीक्षा बैठक में सभी डीएसपी, एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारियों को संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को तैयार रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अगस्त 2026 के अपराध और पुलिस कार्रवाई के आंकड़ों की भी समीक्षा की गई। अगस्त में जिले में 289 कांड दर्ज हुए, जबकि पुलिस ने 666 मामलों का निष्पादन किया। इसी अवधि में पुलिस को 1100 वारंट, कुर्की समेत अन्य कार्रवाई से संबंधित मामले प्राप्त हुए, जबकि 1396 का निष्पादन किया गया। इसके अलावा 1067 पासपोर्ट प्राप्त हुए और 1137 का सत्यापन/निष्पादन किया गया।

महिला अपराध और पॉक्सो मामलों पर विशेष जोर
महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म और पॉक्सो से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को ऐसे मामलों में 60 दिनों के भीतर कार्रवाई पूरी करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
वहीं, वर्ष 2026 से पहले के सभी लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। लंबित जमानती और गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती के मामलों के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
नशे के कारोबार पर चलेगा विशेष अभियान
पुलिस को जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। ऐसे स्थानों पर सक्रिय लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
साइबर अपराध के लंबित मामलों को भी प्राथमिकता से निपटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
जेल से निकले अपराधियों की निगरानी
पुलिस ने पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आए अपराधियों की सूची तैयार कर उनका सत्यापन और चिन्हीकरण करने का फैसला किया है। इनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा संभावित अपराधों की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
अवैध खनन और संगठित अपराध पर सख्ती
संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में शामिल लोगों और सामाजिक-सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ऐसे लोगों के खिलाफ CCA, थाना हाजिरी और गुंडा पंजी से संबंधित प्रस्ताव भेजने को कहा गया।
अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए अंचल अधिकारियों और जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
हर सप्ताह लगेगा थाना दिवस
जमीन विवादों के समाधान के लिए सभी थाना क्षेत्रों में प्रत्येक सप्ताह थाना दिवस आयोजित करने का निर्देश दिया गया। पुलिस को अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय कर जमीन विवादों का समाधान कराने को कहा गया।

















