बंधु तिर्की के नेतृत्व में वरिष्ठ कलाकारों ने आजाद अंसारी को दी 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता
झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने एक बार फिर अपनी सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय दिया। उनके नेतृत्व में झारखंड के वरिष्ठ कलाकारों की एक टीम ने प्रसिद्ध नागपुरी लोक गायक आजाद अंसारी के घर जाकर उनका हाल-चाल जाना और उन्हें 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान बंधु तिर्की ने आश्वासन दिया कि आजाद अंसारी के इलाज का पूरा खर्च वहन किया जाएगा और कलाकार समाज हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
इस मानवीय पहल में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेता निरंजन पासवान के साथ-साथ कई प्रमुख कलाकार शामिल थे, जिनमें पवन रॉय, मोनू राज, पंकज रॉय, बुबाई रॉय और अन्य मौजूद थे। इस अवसर पर बंधु तिर्की ने कहा कि कलाकार हमारी सांस्कृतिक विरासत के धरोहर हैं। आजाद अंसारी जैसे लोक कलाकारों ने झारखंड की कला और संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनका सम्मान और सहायता करना हमारा कर्तव्य है।
इस पहल ने कलाकार समाज में एकता और समर्थन का मजबूत संदेश दिया है। आजाद अंसारी के प्रशंसकों और स्थानीय लोगों ने बंधु तिर्की की इस संवेदनशील पहल की सराहना की है। यह कदम न केवल कलाकारों के बीच एकजुटता को दर्शाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि सामाजिक नेतृत्व किस तरह से कला और संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।


















