सिमडेगा से हजारों कांवड़ियों का दल उड़ीसा के वेदव्यास से जल लेकर बिरमित्रापुर पहुंचा
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : सिमडेगा कांवरिया सेवा संघ के तत्वावधान में सावन मास के पावन अवसर पर हजारों कांवड़ियों का जत्था उड़ीसा के वेदव्यास त्रिवेणी संगम से विधिवत जल कांवड़ लेकर शनिवार को बिरमित्रापुर पहुंचा। यह तीन दिवसीय शिव भक्ति यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शुरू हुई, जिसमें कांवड़िए “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ झूमते-गाते चले।
कांवरिया सेवा संघ के नेतृत्व में कांवड़ियों ने वेदव्यास त्रिवेणी संगम तट पर दोपहर बाद पूजा-अर्चना की। “हर हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के महामंत्रों का जाप करते हुए कांवड़ियों ने पवित्र जल से कांवड़ भरी और बाजे-गाजे और डीजे की धुन पर थिरकते हुए लगभग 30 किलोमीटर की यात्रा तय कर बिरमित्रापुर पहुंचे। वहां कांवड़ियों के लिए महाप्रसाद और रात्रि विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई है।
संघ द्वारा यात्रा मार्ग पर कांवड़ियों के लिए पेयजल, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। रविवार को कांवड़ियों का जत्था टुकुपानी मैरिज हॉल में पड़ाव डालेगा, जहां भजन संध्या और बनारस के प्रसिद्ध शिव तांडव नृत्य का आयोजन होगा। सावन की तीसरी सोमवारी (28 जुलाई) को कांवड़िए 75 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर सिमडेगा के सरना महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।

















