हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा: सनातन धर्म को एकजुट रखने में सहायक होगा – मंगल सिंह भोगता
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : केरसई प्रखंड के बासेन गांव (गुझरिया) में नवनिर्मित हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मंगलवार की रात्रि भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के प्रमंडलीय प्रभारी मंगल सिंह भोगता ने कहा, “सिमडेगा की इस पावन धरती पर भगवान राम के चरण पड़े थे। कलियुग में भी उनके भक्त हनुमान जी जागृत हैं। गांव में हनुमान मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समस्त सनातन समाज को एकजुट रखने में सहायक सिद्ध होगा।”
कार्यक्रम का उद्घाटन कोष्टा समाज के जिला अध्यक्ष अवधेश मेहर, संरक्षक मानकी लाल, मुखिया सत्या देवी और आयोजन समिति के अध्यक्ष कैलाश मेहर ने पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्वलित कर किया।
मंगल सिंह भोगता ने आगे कहा कि हनुमान जी की पूजा से सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त होती है। कैलाश मेहर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि अवधेश मेहर, मानकी लाल और सत्या देवी ने सामाजिक एकता, समरसता और सनातन मूल्यों पर जोर देते हुए अपने विचार रखे।
लोक गायक महावीर साहु ने मर्दानी झुमर राग में भगवान विष्णु की स्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत की। अंजली, पूनम, लक्ष्मण, प्रीति मेहर समेत कई गायक-गायिकाओं ने एक से बढ़कर एक नागपुरी गीत प्रस्तुत किए, जिसने पूरे कार्यक्रम में रात भर समां बांधे रखा। डांसर सारिका का आकर्षक डांस युवाओं का मुख्य केंद्र रहा।
मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के धार्मिक अनुष्ठानों के साथ 24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन भी आयोजित किया गया। संगीतमय हरि कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम से पूरा बासेन गांव उत्सवमय वातावरण में डूबा रहा।

















