LPG किल्लत पर प्रशासन सख्त: SDO प्रभात रंजन ज्ञानी ने गैस गोदाम का किया निरीक्षण
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: क्षेत्र में एलपीजी गैस की किल्लत की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) प्रभात रंजन ज्ञानी ने शहर के डिप्टी टोली स्थित गैस गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम में उपलब्ध गैस सिलेंडरों की स्थिति, भंडारण और वितरण व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली।
एसडीओ ने गोदाम संचालक से गैस आपूर्ति, भंडारण और वितरण की पूरी प्रक्रिया के बारे में पूछताछ की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गैस सिलेंडरों का वितरण निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि गैस की आपूर्ति और वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीओ प्रभात रंजन ज्ञानी ने गोदाम संचालक को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें और वितरण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखें।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में एलपीजी गैस की किल्लत की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी को लेकर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गैस गोदाम का निरीक्षण किया। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि गैस वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता या समस्या की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

















