सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक करोड़ की अवैध अफीम फसल ट्रैक्टर से रौंदकर नष्ट, 10 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने सख्ती बरतते हुए बड़ा प्रहार किया है। कोलेबिरा थाना क्षेत्र के शाहपुर जितिया टोली और बंदरचुँआ इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें करीब तीन एकड़ से अधिक जमीन पर लगी तैयार अफीम की फसल को ट्रैक्टर चलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इस फसल का अनुमानित बाजार मूल्य एक करोड़ रुपये आंका गया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिमडेगा श्रीकांत एस खोटरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलने पर एसडीपीओ बैजू उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि अफीम के पौधे फल देने की स्थिति में थे और आरोपियों द्वारा फलों में चीरा लगाकर अफीम निकालने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने ऐसे में 10 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुदर्शन बोदरा, सुखराम मुंडा, अब्राहम बोदरा, कांडे मुंडा, मस्कल टोपनो, भीम सिंह, जगरनाथ सिंह, उदित सिंह, बलिराम सिंह और पारसनाथ सिंह शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान अफीम खेती में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जैसे कुदाल, ब्लेड, प्लास्टिक पाइप आदि भी जब्त की गई है। एसपी ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जिससे असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी मिली है।
टीम में एसडीपीओ बैजू उरांव के अलावा कोलेबिरा थाना प्रभारी हर्ष कुमार, महाबुआंग थाना प्रभारी टिंकू वर्मा, बानो थाना प्रभारी मानव मयंक, अनुसंधान विंग के विनायक पाण्डेय, साइबर सेल के पंकज प्रमाणिक सहित सशस्त्र पुलिस जवान शामिल थे।

















