जामताड़ा में बाइक सवार अपराधियों ने फुरकान अंसारी को मारी गोली ..मौके से फरार
जामताड़ा में बाइक सवार अपराधियों ने फुरकान अंसारी को मारी गोली ..मौके से फरार
जामताड़ा 22 Feb : झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर में रविवार सुबह एक हत्या की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। धर्मपुर मोड़ पर तीन नकाबपोश अपराधियों ने फुरकान अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे की ओर से आए। उन्होंने हाईवे पर रुककर मास्क पहना और फिर धर्मपुर मोड़ पर पहुंचकर नाश्ता कर रहे फुरकान अंसारी को निशाना बनाया।

जानकारी के मुताबिक अपराधियों ने बहुत करीब से उनके मुंह पर गोली दाग दी। हत्या के बाद दहशत फैलाने के लिए उन्होंने हवा में तीन राउंड फायरिंग की और कच्चे रास्तों से गांव की ओर होकर फरार हो गए।घायल फुरकान अंसारी को स्थानीय लोगों ने तुरंत जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में या अस्पताल पहुंचते ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं।पुलिस ने हत्या की सभी संभावित एंगल से जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा अपराधियों की तलाश जारी है। फिलहाल हत्या का मकसद स्पष्ट नहीं हुआ है, घटना के बाद इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

















