रांची सहित पूरे झारखंड में आज बादल छाए रहेंगे, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रांची: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार को रांची समेत पूरे झारखंड में आसमान बादलों से घिरा रहेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मानसून सक्रिय बना हुआ है।

राजधानी रांची में आज अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आसमान सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार हैं। दिनभर रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।
झारखंड के अन्य इलाकों की बात करें तो गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार को भी भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, गिरिडीह और धनबाद समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और हल्की-मध्यम बारिश की संभावना है। कई जगहों पर वज्रपात (बिजली गिरने) और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 सितंबर को भी कई जिलों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। तापमान में अगले दो दिनों में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिसके बाद बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा। IMD ने भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास न रहें। अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
















