रांची में पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को एसएसपी ने पहनाए बैज, दी बधाई

रांची: वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची ने मंगलवार को वीरता, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवा के फलस्वरूप पदोन्नति प्राप्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया। इस दौरान पदोन्नत पुलिसकर्मियों को पदोन्नति के बैज पहनाकर नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

पुलिस अवर निरीक्षक से पुलिस निरीक्षक के पद पर पदोन्नत होने वाले शैलेन्द्र कुमार सिंह, रोशन कुमार सिंह और विश्वजीत कुमार सिंह को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में आरक्षी से सहायक अवर निरीक्षक के पद पर पदोन्नत कृष्णा उरांव (आरक्षी संख्या 3625) और विनय टेटे (आरक्षी संख्या 1169) को भी पदोन्नति के बैज पहनाए गए।
इस अवसर पर एसएसपी रांची ने सभी पदोन्नत पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति उनके उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदोन्नत पुलिसकर्मी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और पेशेवर दक्षता के साथ करेंगे।

उन्होंने कहा कि आमजन की सेवा, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। पदोन्नत पदाधिकारी और कर्मी अपनी नई जिम्मेदारियों के माध्यम से रांची पुलिस को और मजबूत बनाने में योगदान दें।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (यातायात) सहित रांची पुलिस के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। रांची पुलिस परिवार की ओर से सभी पदोन्नत पुलिसकर्मियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

















