राजकीय श्रावणी मेला 2025: 44 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण, मंदिर को 5.34 करोड़ की आय
देवघर : उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में आज आर.एल. सर्राफ स्थित अस्थाई मीडिया सेंटर में राजकीय श्रावणी मेला 2025 को लेकर तीसरी साप्ताहिक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने मेला व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर की आय से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!44 लाख से अधिक कांवरियों ने किया जलार्पण
उपायुक्त ने बताया कि 11 जुलाई से 29 जुलाई 2025 तक कुल 44,01,095 कांवरियों ने बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण किया, जिसमें शीघ्र दर्शनम कूपन के माध्यम से 1,46,204 श्रद्धालु शामिल हैं। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। कुल 564 मजिस्ट्रेट, 9,650 पुलिस बल, 4 सीआरपीएफ कंपनी, 2 पुलिस अधीक्षक और एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं।
मंदिर की आय 5.34 करोड़ रुपये
उपायुक्त ने बताया कि बाबा मंदिर को 11 जुलाई से 29 जुलाई तक 5,34,27,043 रुपये की आय प्राप्त हुई, जिसमें शीघ्र दर्शनम कूपन से 4,28,78,160 रुपये (60%) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मंदिर दान काउंटर से 767 चांदी के 10 ग्राम सिक्के, 23 ग्राम सोना, 878 ग्राम चांदी, 1 चांदी का सिक्का और 10,335 रुपये नेपाली मुद्रा प्राप्त हुई।
स्वास्थ्य और आवासन सुविधाएं
मेले में 34 अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए, जहां 1,38,811 श्रद्धालुओं का इलाज किया गया, जिनमें 92,347 पुरुष, 39,979 महिलाएं और 6,485 बच्चे शामिल हैं। 37,387 बच्चों को पोलियो खुराक दी गई। आवासन के लिए कोठिया टेंट सिटी (1,500 बेड), बाघमारा टेंट सिटी (350 बेड) और आध्यात्मिक भवन (10,000 श्रद्धालु) की व्यवस्था की गई है।
तकनीकी और सुरक्षा व्यवस्था
मेले की निगरानी के लिए 765 सीसीटीवी कैमरे, 200 एआई कैमरे और 10 ड्रोन कैमरे कार्यरत हैं। ऑनलाइन चैट बोर्ड और क्यूआर कोड के माध्यम से 659 शिकायतों का निपटारा किया गया। परिवहन विभाग ने 1,52,17,425 रुपये प्रवेश शुल्क और 915.97 लाख रुपये वाणिज्य कर के रूप में वसूले।
सूचना और जनसंपर्क
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने 31 सूचना केंद्र स्थापित किए, जहां 64,749 खोए-पाए कांवरियों को रजिस्टर किया गया और 46,904 को उनके परिजनों से मिलाया गया। मेला क्षेत्र में शिवधुन, 2 वाटर प्रोजेक्शन और लेजर शो, 2 थ्री-डी मैपिंग शो, 13 वीआर पॉइंट्स और 27 एलईडी स्क्रीन के माध्यम से बाबाधाम की पौराणिक कथा प्रदर्शित की जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि श्रावण माह के अंतिम सोमवारी को भारी संख्या में कांवरियों के आगमन की संभावना है। जिला प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने मेला के सफल संचालन के लिए सभी के सहयोग की सराहना की और इसे निरंतर बनाए रखने की अपील की।
प्रेसवार्ता में नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, मंदिर प्रभारी सह अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी और विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

















