मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से टाटा मोटर्स के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, हाइड्रोजन इंजन और इलेक्ट्रिक ट्रक पर हुई चर्चा

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज रांची के कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में टाटा मोटर्स लिमिटेड के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान टाटा मोटर्स के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को हाइड्रोजन इंजन और इलेक्ट्रिक ट्रक निर्माण के क्षेत्र में कंपनी द्वारा किए जा रहे नवाचारों और कार्य प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट से संबंधित कार्य योजनाओं और हाल की गतिविधियों से भी उन्हें अवगत कराया।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने टाटा मोटर्स के प्रयासों की सराहना की और राज्य में हरित ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए सरकार के समर्थन का आश्वासन दिया। इस मुलाकात में टाटा मोटर्स के ग्लोबल हेड-गवर्नमेंट पब्लिक अफेयर्स सुशांत चंद्रकांत नाईक, वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशन) विशाल बादशाह, प्लांट हेड टाटा कमिंस अनितेश मोंगा, गवर्नमेंट अफेयर्स टीम के कनिष्क कुमार, सिद्धार्थ बक्शी, जोकिम सलताना, फाइनेंस टीम के श्री पंकज पटवारी सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी इस अवसर पर मौजूद थे। यह मुलाकात झारखंड में औद्योगिक विकास और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।