चकरघिन्नी की तरह घूमने लगा हेलीकॉप्टर, मची चीख पुकार, देखिए वायरल हुआ भयानक वीडियो
फ्रांस के रोसपोर्डन में रविवार 24 अगस्त की शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब जंगल की आग बुझाने के लिए पानी लेने गया एक हेलीकॉप्टर अचानक बेकाबू होकर झील में जा गिरा। इस घटना का भयावह मंजर कैमरे में कैद हो गया, और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
‘मोराने 29’ वॉटर बॉम्बर हेलीकॉप्टर रोसपोर्डन झील से पानी भरने की कोशिश कर रहा था, तभी उसकी पूंछ पानी में डूब गई। पायलट ने जैसे ही हेलीकॉप्टर को ऊपर उठाने की कोशिश की, वह चकरघिन्नी की तरह घूमने लगा और कुछ ही सेकंड में जोरदार धमाके के साथ झील में गिर गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पानी की ऊंची लहरें उठीं और मलबा चारों ओर बिखर गया। प्रत्यक्षदर्शियों की चीखें और हेलीकॉप्टर के मलबे का दृश्य वीडियो में साफ देखा जा सकता है।
चमत्कारिक रूप से, हेलीकॉप्टर में सवार पायलट और एक फायरफाइटर दोनों ही सुरक्षित बच गए। फिनिस्तेरे के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, दोनों ने खुद ही हेलीकॉप्टर से निकलकर तैरते हुए किनारे तक पहुंच गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “हेलीकॉप्टर बहुत तेजी से नीचे गिर रहा था। मुझे लगा कि यह अब फट जाएगा। जब वह पलटा, तो मलबा हर तरफ उड़ने लगा। यह दृश्य बेहद डरावना था।”
यह हेलीकॉप्टर उस दिन 27 बार पानी डालकर करीब 10 हेक्टेयर इलाके को आग से बचा चुका था, जहां कई घरों को खतरा था। हादसे के बाद तुरंत एक अन्य हेलीकॉप्टर को आग बुझाने के लिए भेजा गया, ताकि राहत कार्य में कोई रुकावट न आए। फ्रांस इन दिनों भीषण जंगल की आग से जूझ रहा है, जिसने पेरिस से भी बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया है। अगस्त की शुरुआत से अब तक आग ने 47,000 हेक्टेयर से अधिक भूमि को जलाकर राख कर दिया है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और 13 लोग घायल हो चुके हैं, जिनमें 11 फायरफाइटर शामिल हैं।
स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हेलीकॉप्टर बेकाबू क्यों हुआ। प्रशासन ने पायलट और फायरफाइटर की हिम्मत और बहादुरी की सराहना की है। फ्रांसीसी अधिकारियों ने कहा, “यह हादसा हमें याद दिलाता है कि फायरफाइटर और उनके सहयोगी हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों और संपत्ति की रक्षा करते हैं।”


















