बाघमारा में मुखिया पति शंकर बेलदार पर अपराधियों ने की अंधाधुंध फायरिंग, हालत नाजुक
धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के बीसीसीएल बरोरा एरिया के बाघमारा स्थित डुमरा एरिया ऑफिस के पास मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। मांदरा के मुखिया पति शंकर बेलदार पर तीन बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उनके समर्थकों ने उन्हें तत्काल धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
डॉक्टरों के अनुसार, शंकर बेलदार को तीन गोलियां लगी हैं दो पैर में और एक कमर में। उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है। हमले की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक अस्पताल पहुंच गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शंकर बेलदार अपने सहयोगी श्रवण राय के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की इस घटना ने आसपास के लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कारतूस के खोखे बरामद किए हैं और अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। बाघमारा के एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि शंकर बेलदार को दो गोलियां लगी हैं, और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना के बाद से बाघमारा और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग दबी जुबान से चर्चा कर रहे हैं कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है। पुलिस ने इस दिशा में भी जांच शुरू की है और अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है।


















