20260108 204259

सिमडेगा जुडिशरी की टीम ने अनाथालय के बच्चों का बढ़ाया हौसला, नववर्ष पर बांटे गर्म कपड़े, मिठाइयां और खिलौने

शंभू कुमार सिंह

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : सिमडेगा जुडिशरी से जुड़ी न्यायिक टीम ने नववर्ष के अवसर पर सहयोग विलेज संस्था में रहने वाले अनाथ बच्चों के लिए एक यादगार दिन बनाया। टीम ने बच्चों के साथ समय बिताया, उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें गर्म कपड़े, मिठाइयां तथा खिलौने वितरित किए, जिससे अनाथालय परिसर में खुशी और उल्लास का माहौल छा गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा ने किया। उनके साथ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरंजन सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की सचिव मरियम हेमरोम, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सुभाष बाड़ा तथा स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष रमेश कुमार श्रीवास्तव विशेष रूप से मौजूद रहे। संस्था के कर्मी और अन्य गणमान्य लोग भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

न्यायिक पदाधिकारियों ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उनके दैनिक जीवन, पढ़ाई-लिखाई और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखकर पूरे परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई।

प्रधान जिला जज राजीव कुमार सिन्हा ने कहा, “समाज के वंचित और जरूरतमंद बच्चों को स्नेह एवं सहयोग देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे प्रयास बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।”

डालसा सचिव मरियम हेमरोम ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार सामाजिक सरोकारों के तहत समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है, ताकि समाज के कमजोर वर्गों तक सहायता पहुंच सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल वातावरण प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सहयोग विलेज संस्था के प्रतिनिधियों ने न्यायिक पदाधिकारियों के इस संवेदनशील प्रयास के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Share via
Share via