मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से हजारों लोगों ने की मुलाकात, दी दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज उनके पैतृक गांव नेमरा में हजारों की संख्या में लोगों ने मुलाकात की और स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे राज्य से आए ग्रामीण, किसान, महिलाएं, युवा, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गुरुजी के संघर्ष, त्याग और जनसेवा के अमूल्य योगदान को याद करते हुए संवेदना प्रकट की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री ने इस दौरान न केवल लोगों की सांत्वना स्वीकारी, बल्कि उनकी समस्याओं को भी ध्यानपूर्वक सुना। स्थानीय विकास कार्यों, शासन-प्रशासन से जुड़े मुद्दों और अन्य जरूरतों पर विस्तार से संवाद करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि आम लोगों की हर जायज समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान लोगों ने भावुक होकर कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना जीवन समाज और राज्य की सेवा के लिए समर्पित किया। उनकी सादगी, ईमानदारी और संघर्षशीलता हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। मुख्यमंत्री ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “गुरुजी के दिखाए गए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि गुरुजी के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत रहेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों और आम नागरिकों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर तत्काल और प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गुरुजी की विचारधारा के अनुरूप जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

















