रांची में देर रात हाई-वोल्टेज ड्रामा: ट्रांसजेंडर से मारपीट के बाद पुलिस पर स्कॉर्पियो चढ़ाने की कोशिश, 9 राउंड फायरिंग में एक युवक घायल
रांची : राजधानी रांची के कचहरी चौक के पास सोमवार देर रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। ट्रांसजेंडर समुदाय के एक सदस्य के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की घटना के बाद हंगामा भड़क उठा, जिसमें एक ट्रांसजेंडर गंभीररूप से घायल हो गया और उसका एक पैर टूट गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना के डीएसपी अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान हंगामा कर रहे कुछ लोगों ने पुलिस पर स्कॉर्पियो गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिससे कोतवाली डीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। गनीमत रही कि पुलिसकर्मी समय रहते खुद को बचा पाए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
हालात बेकाबू होते देख पुलिस को आत्मरक्षा में फायरिंग करनी पड़ी। कुल 9 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें मुख्य रूप से गाड़ी के टायर को निशाना बनाया गया। फायरिंग के दौरान इस्तियाख नामक युवक को गोली लगी, जो गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तुरंत रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ युवकों ने ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्य से छेड़छाड़ और मारपीट की, जिसके बाद हंगामा फैल गया। आरोप है कि इस्तियाख और गुलफाम नामक युवकों ने पहले एक आम युवक को अपनी स्कॉर्पियो से रौंदने की कोशिश की थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने मामले में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।


















