बोकारो में आजसू के मिलन समारोह में हजारों युवा शामिल, सुदेश महतो ने माफिया राज पर साधा निशाना
बोकारो : आजसू पार्टी के प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने बोकारो में आयोजित मिलन समारोह में झारखंड में व्याप्त माफिया राज के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि राज्य में माफिया तत्वों का बोलबाला है और इसके खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष जरूरी है। श्री महतो ने विस्थापितों के मुद्दों को गौण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हेमंत सरकार के शासन में कोयला, गिट्टी, बालू और अन्य खनिजों का अवैध कारोबार चरम पर है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उन्होंने बीसीसीएल और पुलिस-प्रशासन पर अवैध खदानों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया, जिसके कारण विस्थापित समुदाय लगातार पीड़ित हो रहा है। श्री महतो ने कहा कि आजसू ने झारखंड के लिए अलग राज्य की लड़ाई लड़ी और तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से वार्ता कर इसे हासिल किया। अब बीसीसीएल और बोकारो स्टील को विस्थापितों को नौकरी में प्राथमिकता देनी चाहिए। स्थानीय नीति को स्पष्ट रूप से परिभाषित करना जरूरी है।
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने समारोह में कहा कि विस्थापितों की कुर्बानी पर कोयला खदानें खड़ी हैं, लेकिन उन पर ही अत्याचार हो रहा है। उन्होंने बीसीसीएल और पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत से माफिया के आतंक की निंदा की और कहा कि आजसू अब चुप नहीं रहेगी। हम कोयलांचल से माफिया को खत्म करेंगे।
मिलन समारोह में विभिन्न प्रखंडों से आए हजारों युवाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और झारखंड के नवनिर्माण का संकल्प लिया। सुदेश महतो और चंद्रप्रकाश चौधरी ने नए सदस्यों का माला और पट्टा पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में मांडू विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, महासचिव यशोदा देवी, रामगढ़ जिलाध्यक्ष दिलीप डांगी, धनबाद जिलाध्यक्ष मंटू महतो, बोकारो जिला अध्यक्ष सचिन महतो, बोकारो जिप उपाध्यक्ष बबीता कुमारी, काशी नाथ सिंह, अजय सिंह, राजेश महतो, नवीन महतो, टिकेत महतो और संतोष महतो सहित कई नेताओं ने समारोह को संबोधित किया।

















