महिलाओं को वोट बैंक नहीं, नेतृत्व की कमान सौंपनी होगी : सुदेश महतो

रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक या राजनीतिक कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने का माध्यम समझने की मानसिकता बदलनी होगी। महिलाओं को नेतृत्व की कमान सौंपने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। महिलाओं को मजबूत किए बिना झारखंड के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सोमवार को अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित महिला संवाद एवं सदस्यता कार्यक्रम में सुदेश महतो ने कहा कि महिला समूहों के गठन का उद्देश्य केवल बचत, लोन और रिकवरी तक सीमित नहीं था। इसका वास्तविक लक्ष्य महिलाओं को संगठित कर आर्थिक गतिविधियों, रोजगार, कारोबार और नेतृत्व से जोड़ना था।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को छोटी-छोटी आर्थिक सहायता देकर केवल घर तक सीमित रखना स्थायी समाधान नहीं है। महिलाओं को रोजगार और व्यवसाय के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें प्रशिक्षण, पूंजी और बाजार से जोड़ना होगा। सरकार को यह भी बताना चाहिए कि योजनाओं से महिलाओं के जीवन में वास्तविक बदलाव कितना आया है।

सुदेश महतो ने कहा कि आजसू का लक्ष्य ‘कमाओ दीदी’ जैसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसके माध्यम से महिलाएं घर से सम्मान के साथ 10 से 20 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर सकें। इसके लिए पूंजी के साथ प्रशिक्षण, बाजार और व्यवसायिक सोच विकसित करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक आत्मनिर्भरता से महिलाओं की परिवार में निर्णय लेने की क्षमता और सम्मान दोनों बढ़ते हैं। जमीन, बच्चों की शिक्षा और परिवार के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में महिलाओं की बराबर भागीदारी होनी चाहिए। सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की आधी आबादी महिलाओं की है। यदि महिला शक्ति को आजीविका और नेतृत्व से जोड़ा जाए तो यह राज्य के सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का बड़ा माध्यम बन सकती है।

कार्यक्रम में प्रीति कुमारी, सीमा कुजूर, निशा उरांव, सुमन देवी, सरिता देवी, नेहा कच्छप, सुनीता देवी और उषा देवी समेत अन्य महिलाओं ने महिलाओं को वोट बैंक और भीड़ के बजाय नेतृत्व की ताकत के रूप में देखने की जरूरत बताई। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों महिलाओं ने सुदेश कुमार महतो के नेतृत्व और आजसू पार्टी की विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत शिक्षा मंत्री सुदीप्त कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखकर की गई। मौके पर पार्टी के केंद्रीय महासचिव प्रो. रविशंकर मौर्य, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, रांची जिला अध्यक्ष संजय महतो, रांची जिला महिला अध्यक्ष वीणा देवी, कांके प्रखंड अध्यक्ष अमन शहदेव, रूपाश्री गाड़ी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















