World Population Day: Health workers honored in Ranchi; preparations for AIIMS and RIMS-2 in Jharkhand accelerated: Health Minister

विश्व जनसंख्या दिवस: रांची में स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान, झारखंड में एम्स और रिम्स-2 की तैयारी तेज : स्वास्थ्य मंत्री

Share
Link copied
World Population Day: Health workers honored in Ranchi; preparations for AIIMS and RIMS-2 in Jharkhand accelerated: Health Minister
World Population Day: Health workers honored in Ranchi; preparations for AIIMS and RIMS-2 in Jharkhand accelerated: Health Minister

रांची: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्या में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान परिवार नियोजन एवं जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, सहियाओं, एएनएम और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया। साथ ही अंतरा, इम्प्लांट और पीपीएफ संबंधी जागरूकता पोस्टरों का भी विमोचन किया गया।।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड के मरीजों का सबसे अधिक भार रिम्स पर है। इसे देखते हुए रांची में एम्स की स्थापना के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा की गई है, जबकि रिम्स-2 की दिशा में भी काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है तथा सभी सदर अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि साहिया बहनों की समस्याओं से भी केंद्र सरकार को अवगत कराया गया है और उनके लिए 400 छोटे एंबुलेंस की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कॉलेज खोलने के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया जा रहा है तथा प्रत्येक सदर अस्पताल में सी-सेक्शन प्रसव के लिए विशेष केंद्र स्थापित करने की योजना है। उनका कहना था कि सरकार का लक्ष्य राज्य के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।

RKDF
Adv

उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार और योजनाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए राज्य में कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं और इस दिशा में बेहतर कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या को चुनौती नहीं बल्कि अवसर के रूप में देखते हुए मानव संसाधन के विकास पर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण नियंत्रण और परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में जिला अस्पतालों के साथ-साथ सीएचसी और सब सेंटर स्तर तक सी-सेक्शन की सुविधा विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और बीमारियों से होने वाली मौतों में कमी के कारण जीवन प्रत्याशा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण से आर्थिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास को गति मिलेगी।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन रांची डॉ. प्रभात कुमार, राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा, खूंटी के सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, मुखिया और बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। कार्यशाला में परिवार नियोजन, जनसंख्या नियंत्रण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने अनुभव और सुझाव भी साझा किए।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।